कोरोना से अब तक विश्वभर में 30 लाख मौतें

नई दिल्ली(ईएमएस)। दुनियाभर में कोरोनावायरस इन्फेक्शन से हुई मौतों ने शनिवार को तीस लाख यानी तीन मिलियन का आंकड़ा पार कर लिया। पिछले हफ्ते दुनियाभर में हर दिन कोरोनावायरस इन्फेक्शन के करीब 7 लाख नए केस सामने आए। औसतन 12 हजार की रोज मौत हुई। यानी हर घंटे 500 और हर मिनट 8 मौतें कोरोना की वजह से हो रही हैं।वास्तविक संख्या अधिक भी हो सकती है, क्योंकि दुनिया के कई देशों में नए केस और मौतों के सही आंकड़े सामने नहीं आ रहे। ब्राजील में रोज तकरीबन 3,000 मौतें हो रही हैं। पिछले हफ्तों में दुनियाभर में हुई मौतों में हर चौथा व्यक्ति ब्राजील का रहा है। दुनियाभर में वैक्सीनेशन कैंपेन के बाद भी भारत और ब्राजील जैसे देशों में कोरोना विकराल रूप लेता जा रहा है।अस्पतालों में बिस्तर खाली नहीं है और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार 2019 के अंत में चीन के वुहान से कोरोना शुरू हुआ और शुरुआती 10 लाख मौतें 8.5 महीने में हो गईं। यानी पिछले साल सितंबर महीने में ये आंकड़ा छू गया था। जैसे-जैसे देश लॉकडाउन से बाहर आते गए, मौतें बढ़ती गईं। इस साल 15 जनवरी को ही कुल 20 लाख मौतें दर्ज हो चुकी थीं। और शनिवार को यह आंकड़ा 30 लाख को पार कर गया।