राजस्थान के भिवाड़ी में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां खुशखेड़ा कारोली इंडस्ट्रियल एरिया में कपड़ा फैक्ट्री में बनाए जा रहे पटाखों में आग से 7 सेकंड में 3 भीषण धमाके हुए। हादसे में 7 मजदूर जिंदा जल गए। मजदूरों के कंकाल तक राख हो गए। सभी मृतक बिहार के मोतिहारी जिले के हैं।
दो मृतकों की पहचान मिंटू (20) और सुजान (21) के रूप में हुई है। ब्लास्ट इतना भयंकर था कि घटना के 5 घंटे बाद भी फैक्ट्री की दीवारें तप रही थीं। पुलिस ने फैक्ट्री मैनेजर अभिनंदन तिवारी को हिरासत में लिया है। पता चला है कि ये फैक्ट्री रेडीमेड गारमेंट जोन का हिस्सा है। 2017 में यहां मेटल फैक्ट्री भी संचालित थी। डेढ़ महीने से पटाखा फैक्ट्री चल रही थी।







