झारखंड में सरकार गिराने की साजिश नाकाम, पुलिस ने छापे मारकर चार को किया गिरफ्तार

झारखंड सरकार में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। सरकार के खिलाफ साजिश रची जा रही है। स्पेशल ब्रांच ने चार साजिश कर्ता को गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में कैश भी बरामद किया गया है। शनिवार को इनके खिलाफ कोतवाली थाना में राजद्रोह के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। कोतवाली थाना में अभिषेक दुबे, अमित सिंह और निवारण प्रसाद महतो के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि राज्य के विधायकों की खरीद-फरोख्त कर सरकार गिराने की साजिश रची जा रही थी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, स्पेशल ब्रांच को सूचना मिली थी कि राज्य में कुछ लोग सरकार के खिलाफ साजिश रच रहे हैं। इस पर पुलिस की टीम ने गोपनीय तरीके से रांची के बड़े होटलों में छापेमारी की। पुलिस ने लोअर बाजार थाना के इलाके के होटल से 4 लोगों को हिरासत में लिया।