प्रदेश में कोरोना ने पकड़ी रफ़्तार, 24 घण्टे में आये 48 नए केस दर्ज

भोपाल, 29 दिसंबर (हि.स.)। प्रदेश में कोरोना की रफ्तार फिर बढ़ती जा रही है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 48 नए मामले सामने आए हैं। चिंता की बात यह है कि नए संक्रमितों में से 37 लोग वैक्सीन के दोनों डोज ले चुके हैं। यह एक दिन पहले आए केस से छह अधिक हैं। इस दौरान सबसे ज्यादा इंदौर में 32 नए केस मिले हैं, जबकि भोपाल में छह मरीज मिले हैं। यहां दुबई से लौटे एक व्यक्ति भी संक्रमित है, जिसकी जीनोम सिक्वैसिंग के लिए सैंपल भेज दिया गया है। उज्जैन, झाबुआ और जबलपुर में 2-2 एवं नरसिंहपुर, ग्वालियर, खरगोन और रतलाम में 1-1 मरीज मिले हैं।
प्रदेश में कोरोना ने पकड़ी रफ़्तार
कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के प्रदेश में अब तक नौ मरीज मिले हैं। इनमें से सात मरीज ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 307 पहुंच गई है। प्रदेश में 28 दिनों में 631 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा इंदौर में 279 और भोपाल में 211 शामिल हैं। भोपाल में अभी 72 एक्टिव केस हैं। इनमें 58 होम आईसोलेशन में और 14 अस्पताल में भर्ती हैं। प्रदेश में अब तक 7 लाख 93 हजार 809 कोरोना संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें से 7 लाख 82 हजार 969 लोग ठीक हो चुके हैं। कोरोना के कारण 10 हजार 533 की जान जा चुकी है। मंगलवार को भी 26 मरीज ठीक हुए हैं। करीब 63 हजार सैंपल जांच करने लिए गए हैं। रिकवरी रेट 98 फीसद से अधिक है और पॉजिटिविटी दर 0.08 फीसद है।
भोपाल में दुबई से लौटा कोलार निवासी एक 29 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। उसमें कोई लक्षण नहीं हैं। उसे अभी होम आइसोलेशन में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने उसके संपर्क में आए सात लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। इसके अलावा भी कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग की जा रही हैं। वहीं, उज्जैन में फिर दो कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें से एक नागदा के एक टीचर हैं। 40 वर्षीय टीचर उज्जैन की सिंधी कॉलोनी में रहते हैं। वहीं एक अन्य पॉजिटिव मरीज सेठी नगर निवासी महिला है। यह महिला यूके (स्कॉटलैंड) से लौटी महिला के संपर्क में आई थी। दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
