By Vijay
मध्य प्रदेश के कटनी जिले से खबर है, जहां कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात 12:00 बजे एक परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। देखते ही देखते आग तीन मंजिला इमारत तक फैल गई और हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला, बहू पूनम और परिवार के तीन अन्य बच्चे भी शामिल हैं। इनमें 14 साल की आर्या, छह साल की आन्वी और दो साल का मासूम भी शामिल है।
रात करीब 12:00 बजे आग लगने के बाद नगर परिषद बरही का दमकल वाहन करीब 1:00 बजे मौके पर पहुंचा, लेकिन उसकी पाइप भी फटी हुई थी। करीब एक घंटे बाद एक अन्य दूसरा दमकल वाहन पहुंचा, उसमें भी कुछ ना कुछ खराबी थी। इसके बाद आग बुझाने के प्रयासों में बाधा आई और राहत और बचाव करने में काफी विलंब हुआ। बाद में कैमोर और कटनी से भी दमकल वाहन बुलाए गए और आग पर काबू पाने के लिए जद्दोजहद किया जाने लगा।
यह रेस्क्यू ऑपरेशन सुबह 5:00 बजे तक चला है। जेसीबी की मदद से भी दीवाल तोड़कर बचाव अभियान चलाया गया। बावजूद जब तक बचाव कार्य होता तब तक छह लोगों की मौत हो गई है।
हादसे के दौरान रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। आग की लपटें देखकर दोनों ने शोर मचाया और बाहर की ओर भागे। परिवार के बाकी सदस्य इमारत के अंदर ही फंस गए। हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू दो महीने की मासूम की मौत रही। वह अपनी मां पूनम के साथ तीसरी मंजिल के कमरे में था। मां की गोद में लिपटे मासूम को बाहर निकलने का भी मौका नहीं मिल सका। वहीं चंद्रकला और अन्य परिवार के दो बच्चियां भी इमारत के दूसरे हिस्से में फसी थी। सुबह रेस्क्यू के दौरान उन्हें बाहर निकाला गया, जब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
फिलहाल जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर शवों को पीएम करवाया है, वहीं अंतिम संस्कार भी संपन्न कराया है।