By Vijay
पहले घर में खाना बनता था तो तय था—रोटी, दाल, सब्जी और रायता। अब रसोई में हर दिन कुछ नया पकने लगा है। कभी नूडल्स, कभी पास्ता तो कभी पिज्जा... और स्वाद ऐसा कि उसमें भी अपना देसी तड़का जरूर लग जाता है।
बदलती लाइफस्टाइल ने सिर्फ पहनावे और रहन-सहन को नहीं बदला, हमारी थाली का टेस्ट भी बदल दिया है। आज घरों में देश के अलग-अलग हिस्सों के व्यंजनों के साथ विदेशी स्वाद भी आसानी से मिल जाता है।
पंजाब के छोले-भटूरे, दक्षिण का इडली-डोसा, हैदराबाद की बिरयानी, कश्मीर का कहवा- फिरनी, उत्तर प्रदेश की जलेबी और राजस्थान का दाल-बाटी- चूरमा - अब किसी एक शहर की पहचान नहीं रह गए। लोग इन्हें घर पर बनाकर भी चख रहे हैं और अपने स्वाद के मुताबिक इनमें बदलाव भी कर रहे हैं।
विदेशी डिश में स्वाद अपना
भारतीय रसोई में विदेशी व्यंजन आए तो उनका स्वाद भी पूरी तरह विदेशी नहीं रहा। पास्ता में लाल मिर्च, चाट मसाला और भारतीय सब्जियां, नूडल्स में मसालेदार सॉस और पिज्जा में टमाटर की चटपटी सॉस-यानी डिश विदेशी, लेकिन स्वाद अपना यही वजह है कि फ्यूजन फूड का चलन बढ़ रहा है।
लोग नए स्वाद को आजमाने के साथ उसे अपनी पसंद के मुताबिक भी ढाल रहे हैं। चटपटा, मसालेदार और कुरकुरा स्वाद भारतीयों की पहली पसंद है, इसलिए विदेशी व्यंजनों में भी मसालों का इस्तेमाल खूब किया जा रहा है।
किटी पार्टी में समोसा कम, पास्ता ज्यादा
गृहिणी सीमा तिवारी बताती हैं कि एक किटी पार्टी में समोसे, पकौड़े, टिक्की और चाट रखी गई थी। महिलाएं इन्हें पसंद तो कर रही थीं, लेकिन ज्यादा तेल वाली चीजों से परहेज भी कर रही थीं। इसके बाद जब वैज पास्ता परोसा गया तो सभी ने खूब पसंद किया।
उनके मुताबिक, अब महिलाएं स्वाद के साथ यह भी देखती हैं कि खाने में कितना तेल है और वह कितना हल्का है। इसलिए सब्जियों से भरपूर पास्ता और दूसरी झटपट बनने वाली डिश पार्टी में भी पसंद की जा रही हैं।
झटपट तैयार कर लेते हैं नूडल्स
गृहिणी विभा पांडेय कहती हैं कि वह सप्ताह की शुरुआत में कई तरह की सब्जियां काटकर रख लेती हैं। जब खाना बनाने का मन न हो या समय कम हो तो नूडल्स उबालकर उसमें सब्जियां और सॉस डाल देती हैं। कुछ ही मिनट में खाना तैयार हो जाता है। उनका कहना है कि रोटी दाल- सब्जी बनाने में ज्यादा समय और बर्तन लगते हैं, नूडल्स या पास्ता में एक ही पैन में काम हो जाता है।
स्टिर - फ्राई में रंग-बिरंगी सब्जियों का तड़का चाइनीज व्यंजन अब लगभग हर उम्र के लोगों की पसंद में शामिल हैं। खासकर स्टिर फ्राई सब्जियां, चाउमीन और नूडल्स में हरी, पीली, लाल जैसी रंग-बिरंगी सब्जियों का इस्तेमाल स्वाद के साथ डिश को आकर्षक भी बनाता है। बाजार में भी लोगों की बदलती पसंद को देखते हुए आटा नूडल्स और मल्टीग्रेन नूडल्स जैसे विकल्प उपलब्ध हैं।