By Vijay
भोपाल के पंचशील नगर से खबर है, जहां घोड़े की लात लगने से एक 40 वर्षीय ठेकेदार की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह रिश्तेदार के बेटे की शादी के कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क के दोनों तरफ बंधे घोड़ों के बीच से निकलते समय एक घोड़े ने उसके पेट में जोरदार लात मार दी, जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल होने के बाद उसे निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी इलाज के दौरान ही मौत हो गई। मृतक की पहचान संतोष के रूप में हुई है, जो कि प्लॉट नंबर एक, सरदार पटेल स्कूल के पास, पंचशील नगर के रहने वाले हैं। वह जर्जर मकानों को तोड़ने का ठेका लेते थे और उनकी शादी को लगभग 11 साल हो चुके हैं।
मृतक के छोटे भाई विनोद ने बताया कि रविवार को संतोष अपने साले के साथ शादी कार्ड बांटने गए थे। रिश्तेदारों को कार्ड देने के बाद वह दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान घोड़े ने पैर मारकर संतोष को गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर होने पर अन्य अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां उनकी आज सवेरे इलाज के दौरान मौत हो गई। लिहाजा घटना की जानकारी के बाद अस्पताल में स्थानीय पुलिस भी पहुंची है और कार्रवाई आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों का सवाल है कि जब घोड़ों से पहले भी लोगों को नुकसान पहुंच चुका है और जिम्मेदारों से भी शिकायत की गई है, तो घोड़ों को व्यवस्थित जगह रखने या फिर अस्तबल जैसी व्यवस्थाएं क्यों नहीं दी गई? क्या विभाग किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है? वहीं पुलिस ने भी मामला दर्ज कर लिया है और मार्ग कायम कर घटना के हालात और परिजनों के आरोपों की जांच कर रहा है।