By Vijay
बिहार के नालंदा से खबर है, जहां एक महिला ने अपने ही बेटे, बेटी और छोटी बहन और बहनोई के साथ मिलकर अपने ही पति की निर्मम हत्या कर दी। यह घटना नूरसराय थाना क्षेत्र के अंबा नगर गांव की है। मृतक की पहचान भी हो गई है।
मृतक की पहचान 45 साल के राजेश यादव के रूप में हुई है। वह किसानी का काम करते थे। राजेश अपनी पत्नी के अवैध संबंधों का लगातार विरोध कर रहे थे। इसी वजह से वह दूसरी शादी करने वाले थे। पत्नी को डर था कि पति की दूसरी शादी होने पर संपत्ति का बंटवारा हो जाएगा। सदर एसडीपीओ टू राकेश रंजन ने बताया कि हत्या के पीछे संपत्ति विवाद भी एक मुख्य वजह मानी जा रही है। छह लोगों पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
आपको बता दें कि मृतक के बड़े भाई शैलेंद्र यादव और भतीजे धनपत कुमार ने बताया कि राजेश यादव की शादी बीते 22 साल पहले हुई थी। उनके पांच बच्चे हैं, दो बेटे और तीन बेटियां हैं। एक बेटे की शादी भी हो चुकी है, जबकि एक बेटा किसी मामले में जेल में बंद है। वहीं बताया जा रहा है कि राजेश यादव की पत्नी पिंकी देवी कुछ समय से अपने बच्चों के साथ बिहार शरीफ में किराए के मकान पर रह रही थी।
मृतक के भाई और भतीजे का साफ तौर पर आरोप है कि शुक्रवार को पिंकी देवी अपने मायके से अपने जीजा, साली व अन्य रिश्तेदारों को बुलाकर नूरसराय स्थित ससुराल पहुंची और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर राजेश की हत्या कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची है और सभी आरोपियों को खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
मृतक के भाई ने बताया कि हत्या के मामले को छुपाने के लिए पत्नी पहले मेरे भाई राजेश को सदर अस्पताल ले गई, जहां से डॉक्टर ने उन्हें रेफर कर दिया और रास्ते में ही उनकी मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची है और पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी एक लाठी भी जब्त की है।