By Vijay
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से बाणसागर डैम पार करते हुए मैहर वन मंडल की अमरपाटन रेंज में हाथी पहुंच चुके हैं और लगातार ग्रामीण इलाकों में नुकसान कर रहे हैं। रामनगर जनपद क्षेत्र के सिमरिया ग्राम पंचायत में बीती रात हाथी ने दो घरों को भी नुकसान पहुंचाया है।
उसमें से एक अधिवक्ता संतोष पांडे के घर की दीवार को भी तोड़ दी जबकि मनकहारी गांव में एक ग्रामीण का कच्चा मकान भी गिरा दिया है। मौके पर हाथी के पैरों के निशान भी मिले हैं। जानकारी के अनुसार हाथी 29 अक्टूबर के दरमियान रात सिमरिया ग्राम पंचायत में प्रवेश किए थे।
इसके बाद वह दिन भर जंगल में रहे। शुक्रवार रात अंधेरा होने पर जंगल से निकलकर आबादी क्षेत्र में पहुंचे और दो घरों को नुकसान पहुंचाया है। इसके बाद गुरसरी पहाड़ की ओर निकल गए। अमरपाटन रेंजर प्रफुल त्रिपाठी ने बताया कि फिलहाल हाथी के मौजूदगी ग्राम पंचायत गुरसरी पहाड़ क्षेत्र में है। शुक्रवार शनिवार की रात उसने एक घर की दीवार और दूसरे मकान को नुकसान पहुंचाया है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है।
आशंका है कि हाथी आसपास गांव या उससे लगे वन क्षेत्र से गुजर सकता है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अकेले जंगल नहीं जाने की अपील भी की है। हाथी दिखाई देने पर विभाग को बताने के लिए भी कहा है। विभाग ने ग्रामीणों को महुआ और अनाज रखने वाले स्थानों पर रात में सोने से बचने की सलाह दी है। साथ ही खेतों में खुले आसमान के नीचे रात नहीं बिताने और हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए भी कहा गया है।