By Vijay
पांच दिन पहले जयंत इलाके के बजरंग कॉम्प्लेक्स में कंचन ज्वेलर्स में हुई लूटपाट के बाद आरोपी फरार हो गए थे, जिसमें अब पुलिस को एक और सफलता मिली है। एक आरोपी शाबिर अंसारी को झारखंड के गढ़वा से पकड़ा गया है। इसे लेकर पुलिस की टीम सिंगरौली आ रही है, वहीं दो आरोपियों की तलाश में और जुटी है।
आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग कर रही है। आपको बता दें कि 17 सितंबर को शाम छह बजे छह युवकों ने कंचन ज्वेलर्स को लूटपाट के लिए अपना निशाना बनाया था, जिसमें से दो युवक दुकान के बाहर खड़े थे और चार युवक दुकान के अंदर घुसकर रिवाल्वर से तावड़तोड़ फायरिंग करते हुए लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था।
उसमें दुकान संचालक एवं एक अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया था। अब तक पुलिस ने कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
लूटपाट की घटना में शामिल दो आरोपी सोनू अंसारी और राहुल सीपर की तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है और संभावित ठिकानों पर छापा मार रही हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सिंगरौली पुलिस अधीक्षक सियाज केएम के. द्वारा दस-दस हजार रुपये का इनाम भी घोषित है। पुलिस अब तक लूट में शामिल लकी कुमार पासवान, अनुराग कुमार चंद्रवंशी, रोशन श्रीपर को पहले से ही गिरफ्तार कर लिया है, वहीं चौथा आरोपी शाबिर अंसारी रविवार को पकड़ा गया है। पकड़े गए आरोपी से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।