By Vijay
मध्य प्रदेश के रीवा जिले से सांसद जनार्दन मिश्रा का एक बार फिर से उनका विवादित बयान सामने आया है। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह देश के अन्नदाता यानी कि किसानों की जीवन शैली पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं। अब उनके इस बयान से पूरे विंध्य सहित पूरे मध्य प्रदेश के किसानों में भारी गुस्सा फूट पड़ा है।
वीडियो जो वायरल हुआ है उसमें सांसद जनार्दन मिश्रा कहते सुनाई दे रहे हैं कि किसान सिर्फ तीन माह ही मेहनत करते हैं, बाकी अन्य माह वह मेहनत नहीं करते हैं। अब उनके इस बयान से किसान काफी नाराज हैं। वह इस दौरान कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि किसान सिर्फ तीन महीने ही मेहनत करता है, बाकी नौ महीने ताश खेलता है, गुटखा खाता है, बोतल पीता है, चौंगी पीता है और जय भोले करता है। सांसद जी का यह बयान विंध्य समेत पूरे मध्य प्रदेश में आग की तरह फैल गया है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया के कमेंट सेक्शन में लोग और किसान का गुस्सा फूट पड़ा है। किसानों का कहना है कि खेती कोई तीन महीने का काम नहीं है। बीज बोने से लेकर फसल कटाई तक उसे अपना मानकर सेवा करना पड़ता है। इन सब काम के लिए किसान 365 दिन और 24 घंटे परेशान रहता है। बावजूद सांसद जनार्दन मिश्रा ने इस तरीके से कमेंट करके किसानों की काफी बेइज्जती की है। दूसरी ओर इस मामले पर ना तो सांसद जनार्दन मिश्रा, ना ही पार्टी संगठन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक कमेंट या फिर कोई सफाई आई है।