By Vijay
सीधी जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र अंतर्गत सीधी-मऊगंज मुख्य मार्ग पर गौघाट के पास मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना निकलकर सामने आ रही है। यहां एक नवजात जो कि एक सप्ताह का बताया जा रहा है, उसे झाड़ियों के बीच में किसी मां ने लावारिस हालत में फेंक दिया है। घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब मार्ग से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर झाड़ियों में रो रहे मासूम पर पड़ी। तुरंत इस बात की जानकारी स्थानीय पुलिस और समाजसेवियों को दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और समाजसेवक कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। जिला अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने तुरंत नवजात को आईसीयू वार्ड में एडमिट किया और डॉक्टर के अनुसार मासूम की हालत ठीक है। फिलहाल उसका इलाज जारी है। इस मानवीय घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। पुलिस का कहना है कि हम मामले की जांच कर रहे हैं। आखिर नवजात इस जगह कैसे आया और किसका था, इसका भी पता लगाया जा रहा है। जल्द ही लापरवाही करने वाले लोग पर कार्रवाई होगी।