By Vijay
मध्य प्रदेश में इन दिनों नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इसमें विलंब ना हो इसलिए महिला बाल विकास विभाग ने विज्ञापन से लेकर नियुक्ति तक ऑनलाइन भर्ती की प्रक्रिया को अपना लिया है। इसके कारण 16 माह में 22,000 से अधिक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका की भर्ती हो चुकी है।
4819 पदों के लिए वर्तमान में भर्ती प्रक्रिया चल रही है। विभाग के आयुक्त संदीप जीआर ने बताया कि मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य है जहां सहायिका और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की भर्ती में विज्ञापन से लेकर नियुक्ति तक की संपूर्ण प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है।
ऑनलाइन पोर्टल में चयन के माध्यम से कार्यकर्ताओं के 4381 तथा सहायिका के 22,438 सहित कुल 26,819 पद पर भर्ती की कार्यवाही प्रारंभ की गई है। आयुक्त का कहना है कि इस प्रणाली में आगामी छह माह में संभावित रिक्त होने वाले पदों के लिए भी अग्रिम रूप से भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जा सकती है।
इससे आंगनवाड़ी केंद्रों में लंबे समय तक पद रिक्त रहने वाली समस्या दूर हो जाएगी। आपको बता दें कि अगर आपके आसपास कोई आंगनवाड़ी कार्यकर्ता या सहायिका के लिए फॉर्म भरना चाहता है तो नजदीकी एमपी ऑनलाइन में भी संपर्क कर सकता है।