By Vijay
जबलपुर - कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित साकार उदय निवासी एक रिटायर्ड फैक्ट्री कर्मी का आतंकी संगठन से कनेक्शन होना बताकर एक लाख की ठगी कर ली। ठगी का शिकार हुए वृद्ध की शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की है।
पुलिस के अनुसार साकार उदय निवासी राजेंद्र प्रसाद पाठक उम्र 78 वर्ष ने पुलिस को बताया कि वह वीएफजे फैक्ट्री से रिटायर्ड है। 16 सितम्बर को उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। इस दौरान बात करने वाले ने खुद को एटीएस विभाग से बोलने की बात कही। उसने कहा कि केनरा बैंक के राजेंद्र प्रसाद के नाम से जो खाता है उस पर आतंकी संगठन को रुपये ट्रांसफर हुए हैं।
इसके बाद जालसाज ने वीडियो कॉल किया और उस पर एटीएम कार्ड व नोटिस भेजा। उसके बाद 19 सितम्बर को फिर से कॉल करके वृद्ध को डराकर रुपयों की मांग की। दहशत में आकर वृद्ध ने जालसाज के कहे अनुसार उसके खाते में अलग-अलग बार में 99 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। मामला दर्ज कर पुलिस जिन खातों में रकम ट्रांसफर की गई हैं, उस आधार पर आरोपी का पता लगाने में जुटी है।
पिन जनरेट करने का झांसा देकर निकाली रकम
इसी तरह खमरिया थाने में घाना गुरुनानक कॉलोनी निवासी राघवेंद्र कुमार सिंह उम्र 58 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह एसबीआई का योनो एप चलाते हैं। 4 सितम्बर को उनके पास एक कॉल आया और कॉल करने वाले ने एप न चलाने और नया पिन जनरेट करने की बात कही। इस दौरान आरोपी ने उनसे खाता नंबर पूछा और फिर पिन जनरेट न होने की बात कहते हुए एटीएम के आखिरी के 4 नंबर पूछे और खाते से 48 हजार 532 रुपये निकाल लिए। मामला दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश है.