By Vijay
मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है जहाँ सीधी जिले के कन्या महाविद्यालय की छात्राओं के व्हाट्सएप ग्रुप में स्पोर्ट्स टीचर उमेश पाठक ने एक अश्लील वीडियो भेज दिया। इसके साथ ही मैसेज में लिखा इस वीडियो को खोल कर देखें, भ्रष्ट नेता पकड़े गए। इसके बाद शिक्षक ने अपना मोबाइल बंद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार यह मामला 31 अक्टूबर का है। वीडियो देखने के बाद छात्राओं ने महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. देवेंद्र सोनी से इस मामले की शिकायत की। उन्होंने ग्रुप से वीडियो हटाने के लिए कहा लेकिन करीब 4 घंटे तक वीडियो नहीं हटाया गया। वीडियो शेयर होने के बाद ग्रुप और कॉलेज में हंगामा मच गया। छात्राएं बार-बार वीडियो डिलीट करने के लिए कहती रहीं, के बावजूद वीडियो डिलीट नहीं किया गया। इसके बाद छात्राएं प्राचार्य ओ.पी. नामदेव के पास पहुंचीं और शिकायत की।
प्राचार्य ओ.पी. नामदेव ने बताया कि उन्होंने उमेश पाठक को कई बार फोन किया इसके बावजूद उनका कॉल नहीं लगा और मोबाइल बंद बता रहा था। करीब 4 घंटे बाद प्राचार्य ने ग्रुप एडमिन से कहकर वीडियो डिलीट करवा दिया। हंगामा खत्म होने के बाद उमेश पाठक करीब शाम 6:00 बजे कोतवाली पहुंचे और मोबाइल हैक होने के संबंध में आवेदन दिया। उन्होंने कहा कि उनका मोबाइल हैक हुआ था लेकिन करीब आधे घंटे में दोबारा चालू हो गया।
छात्राओं का आरोप है कि शिकायत के बावजूद उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। उनका कहना है कि प्राचार्य शिक्षक का बचाव कर रहे हैं। छात्राओं के अनुसार, प्राचार्य भी उस व्हाट्सएप ग्रुप में मौजूद थे जिसमें अश्लील वीडियो भेजे गए थे। वहीं प्राचार्य ओ.पी. नामदेव का कहना है कि छात्राओं की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है।
उमेश पाठक ने मोबाइल हैक होने की बात कही हालांकि पाठक ने यह नहीं बताया कि उनके नंबर से किसी अन्य नंबर या व्हाट्सएप ग्रुप में भी ऐसे वीडियो भेजे गए थे या नहीं। कोतवाली थाना प्रभारी दिव्या प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि शिक्षक ने आवेदन दिया है, लेकिन मामला साइबर सेल से जुड़ा हुआ है। इसकी जांच साइबर एक्सपर्ट ही कर पाएंगे। छात्राओं और कॉलेज प्रबंधन की तरफ से पुलिस को अब तक कोई भी लिखित शिकायत नहीं मिली है।