By Vijay
मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से खबर है, जहां सिंगरौली के जयंत इलाके में नेहरू अस्पताल के सामने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया था। युवक की हत्या के बाद गुस्साए परिजन बुधवार को पूरे दिन जयंत चौकी के सामने धरना प्रदर्शन कर रहे थे। लेकिन देर रात पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे सभी लोगों को मौके से खदेड़ दिया और लगभग एक दर्जन से ज्यादा लोगों को डिटेन करके बरगमा थाना ले गए।
कार ओवरटेक बना वजह
आपको बता दें कि कार ओवरटेक करने जैसे मामूली बात को लेकर युवक की निर्मम हत्या किए जाने से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। आरोप है कि भूपेंद्र की हत्या जिला बदर के आरोपी गोविंदा वर्मा ने अपने साथियों के साथ मिलकर की है। जिला बदर के आरोपी द्वारा हत्या की घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र के लोगों में काफी आक्रोश है। मृतक के परिजनों के अनुसार आरोपी गोविंदा, सागर, समीर व अन्य के खिलाफ जयंत विंध्यनगर में कई मामले दर्ज हैं।, वहीं सागर और समीर दोनों भाई हैं।
बुलडोजर और एनकाउंटर की मांग
मृतक के परिजनों की मांग है कि जो आरोपी हैं, उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाए और उनका एनकाउंटर भी किया जाए। हालांकि इस पूरे मामले को लेकर सियाज केएम जो कि सिंगरौली जिले के पुलिस अधीक्षक हैं, उन्होंने कहा है कि वाहनों के ओवरटेक को लेकर युवक की चाकू मारकर हत्या की जाने का की घटना सामने आई है। वारदात में शामिल चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश जारी है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।