By Vijay
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरई में शाला प्रबंधन समिति एसएमसी के अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लग गया। मंगलवार को पुनर्गठन एवं निर्वाचन की पुनः प्रक्रिया करायी गई। जिसमें अध्यक्ष पद पर प्रेम सिंह भाटी फिर निर्वाचित हुए। दूसरे नंबर पर उनके प्रतिद्वंद्वी सत्यवान सिंह रहे।
एसएमसी का गठन पूर्व में 24 अगस्त को किया गया था, जिसमें अध्यक्ष पद पर प्रेम सिंह भाटी निर्वाचित हुए थे। कुछ अभिभावकों एवं क्षेत्रीय लोगों द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर आपत्तियां उठायी गईं। जिसे जिला शिक्षा अधिकारी ने संज्ञान में लिया और पुनर्गठन के मौखिक निर्देश दिए। इसके बाद संकुल प्राचार्य द्वारा दो पर्यवेक्षकों की नियुक्ति करते हुए पारदर्शी एवं निष्पक्ष निर्वाचन कराने के निर्देश दिए गए।
निर्वाचन प्रक्रिया में लगभग 300 अभिभावकों की सहभागिता रही। छात्राओं के वर्गवार अनुपात के आधार पर 19 सदस्यीय समिति के लिए सीटों का निर्धारण किया गया, जिसमें सामान्य वर्ग से 2, ओबीसी से 8, अनुसूचित जाति से 3 तथा अनुसूचित जनजाति से 6 सदस्य निर्वाचित किए गए। ओबीसी वर्ग की आठ सीटों पर सर्वसम्मति नहीं बन पाने के कारण 17 प्रत्याशी मैदान में उतरे। इसके बाद बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान कराया गया और मतपेटी में मत डलवाकर मतगणना के उपरांत आठ सदस्यों का निर्वाचन पूरा किया गया।
निर्वाचित सदस्यों द्वारा अध्यक्ष पद के लिए प्रेम सिंह भाटी एवं सत्यवान सिंह के बीच मतदान कराया गया। परिणाम सामने आते ही प्रेम सिंह भाटी 12 मत हासिल कर अध्यक्ष पद पर विजयी रहे।