By Vijay
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से खबर है जहां दिल को दहला देने वाला मामला सामने आया। यहां अपनों पर ही प्यार की खौफनाक सजा देते हुए एक नवविवाहिता को मौत के घाट उतारने का आरोप लगा है। मामला गोविंद नगर थाना क्षेत्र का है जहां ऑनर किलिंग की इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मथुरा के गोविंद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली नई बस्ती के रहने वाली नाजिया नामक युवती करीब डेढ़ माह पहले अपनी मर्जी से प्रेमी रविंद्र के साथ शादी कर ली थी। दोनों ने आपसी रजामंदी के बाद शादी कर ली थी। इसके बाद वह दिल्ली में रहने लगे थे। युवती के जाने करीब 15 दिन बाद उसके परिजनों ने संपर्क किया और उसे यह झांसा देकर वापस बुलाया कि वह दोनों की धूमधाम से शादी करा देंगे। परिजनों के इस झूठे भरोसे पर आकर नाजिया अपने घर वापस लौट आई और घर आने के बाद परिजनों की नियत में खोट आ गया। आरोप है कि नाजिया के भाई और अन्य लोगों ने मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर ली। इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद सबूतों को मिटाने का प्रयास किया गया। जब मृतका के पति रविंद्र ने नाजिया से संपर्क किया तो घर वालों ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया। बातचीत भी बंद हो गई। कई दिनों तक कोई संपर्क नहीं हुआ तो पति रविंद्र को अनहोनी की आशंका हुई। उसने राजस्थान में अपनी पत्नी के अपहरण हत्या की आशंका जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया। मामले की गंभीरता से देखते हुए एसपी सिटी ने युवती के भाई अकरम को हिरासत में लिया। अकरम से कढ़ाई में पूछताछ की तो आरोपी भाई टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। एसपी सिटी राजीव कुमार ने खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा के आदेश पर मजिस्ट्रेट की निगरानी में कब्रिस्तान से युवती के शव को भी बाहर निकलवा लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस इस भयानक अपराध में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी छानबीन कर रही है।