By Vijay
उत्तर प्रदेश से खबर है जहां उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक दहेज की मांग को लेकर शादी के दिन ही विवाद खड़ा हो गया। दोनों परिवार की रजामंदी से तय हुआ एक रिश्ता जयमाला के बाद टूटने की कगार पर पहुंच गया। आरोप है कि दूल्हे ने स्टेज पर ही बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर दी। लड़की पक्ष ने जब मांग पूरी करने से मना किया तो इस दौरान दूल्हा गुस्सा हो गया और इस दौरान दूल्हे ने दुल्हन और उसके पिता के साथ मारपीट कर दी। इतना ही नहीं दुल्हन ने दूल्हे और उसके एक साथी पर कमरे में घुसकर अभद्रता करने और दुष्कर्म का प्रयास करने का भी गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस ने पति समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
जयमाला के बाद दूल्हे ने कर दी दुल्हन की पिटाई :
जानकारी के अनुसार हाथरस जिले के सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती का विवाह मथुरा जिले के सुरीर क्षेत्र निवासी एक युवक के साथ तय हुआ था। दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाह को लेकर पूरी स्पष्ट तरीके से बात हो चुकी थी। युवती के पिता की इच्छा पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम के अगले दिन 22 नवंबर को दूल्हा बारात लेकर गांव पहुंचा। बारात के गांव पहुंचने पर लड़की पक्ष की ओर से भव्य स्वागत भी किया गया। इसके बाद शादी की अन्य रस्में भी पूरी हुई। जयमाला का कार्यक्रम आयोजित किया गया। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा लेकिन जयमाला की रस्म पूरी होते-होते विवाद शुरू हो गया।
बुलेट की मांग और हो गई पिटाई :
आरोप है कि जयमाला के बाद दूल्हे ने दुल्हन के पिता से दहेज के रूप में मोटरसाइकिल मांगी। लड़की पक्ष ने आर्थिक स्थिति सही ना होने के कारण इतनी महंगी मोटरसाइकिल देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दूल्हा नाराज हो गया और देखते ही देखते दुल्हन और उनके पिता पर मारपीट करने लगा। इसके अलावा दुल्हन ने यह भी आरोप लगाया कि दूल्हा और उसका एक साथी उसके कमरे में घुसा है और उसके साथ अभद्रता करते हुए दुष्कर्म करने का भी प्रयास किया।
बिना दुल्हन वापस लौट गई बारात :
घटना के बाद शादी समारोह में अफरातफरी का माहौल निर्मित हो गया। दोनों पक्ष के बीच विवाद हो गया और देखते-देखते भगदड़ मच गई। हालांकि बुजुर्गों ने मामले को शांत कराने और समझौता कराने का प्रयास किया लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। आखिरकार विवाद के चलते बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई और वहीं इस पूरे मामले की शिकायत कोतवाली थाने में भी दर्ज की गई है। आवेदन में दहेज की मांग, मारपीट और दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जाएंगे।