By Vijay
मध्य प्रदेश में रिश्वतखोरों पर लगाम नहीं लग रही है। ताजा मामला उज्जैन का है, जहां एक मध्य प्रदेश पुलिस के एएसआई ने शिकायतकर्ता से सीधे पैसे लेने की जगह चाय दुकान संचालक को बिचौलिया यानी माध्यम बना लिया। यह सब इसलिए क्योंकि लोकायुक्त पुलिस लगातार मध्य प्रदेश में कार्रवाई कर रही है। पुलिस पैसा भी ले ले और फंसे भी ना, इसलिए एएसआई साहब ने यह तरकीब पकड़ ली।
गुरुवार को महाकाल परिसर स्थित चाय की दुकान पर ₹6000 रिश्वत लेते चाय संचालक को रंगे हाथ पकड़ा गया। मामला तराना थाना क्षेत्र की नैनावद चौकी में पदस्थ एएसआई मोहनलाल मालवीय से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। आरोप है कि उन्होंने एक परिवार की महिला और युवती को कथित झूठे अपराध में जेल नहीं भेजने के बदले ₹10000 रिश्वत की मांग की थी, लेकिन बातचीत में सौदा ₹6000 में तय हो गया।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि तराना के गांव गोलवा निवासी ईश्वर रजोरिया ने शिकायत की कि उससे रिश्वत मांगी जा रही है। सत्यापन में रिश्वत मांगने की बात सही आई और ट्रैप योजना की बनाई गई। आरोप के अनुसार एएसआई ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम नैनावाद निवासी चाय दुकान संचालक जितेंद्र सिंह देवड़ा को देने के लिए कहा था। गुरुवार को शिकायतकर्ता दुकान पर पहुंचकर ₹6000 दिए और रकम लेते ही लोकायुक्त पुलिस ने देवड़ा को पकड़ लिया।
इस मामले में खास बात यह है कि रिश्वत की कथित मांग पुलिसकर्मी ने की, लेकिन रकम लेने के लिए दूसरे व्यक्ति को जिम्मेदारी सौंपा। ऐसे मामलों में रिश्वत लेने वाले और रकम पहुंचाने वाले के बीच संबंध किसके कहने पर रकम ले गई और किस उद्देश्य से ली जा रही थी, यह जांच में एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता, लेकिन चाय दुकानदार देवड़ा ने कबूल किया कि एएसआई मोहनलाल मालवीय के कहने पर ही महिला से उसने पैसे लिए थे।
महिला के रुपए देने से पहले एएसआई मालवीय ने देवड़ा को फोन कर बताया था कि उसके पास ₹6000 की राशि पहुंचने वाली है। वहीं लोकायुक्त की जांच का विषय यह भी है कि देवड़ा ने इससे पहले और कितने लोगों से मालवीय के कहने पर रिश्वत ली थी। लोकायुक्त ने चाय दुकान संचालक और एएसआई मोहन मालवीय दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, जांच शुरू कर दी है।