By Vijay
बरसात में कच्चे मकान की दीवार मामूली रुप से क्षतिग्रस्त हो गई थी। क्षतिग्रस्त दीवार अचानक गिरी, जिसमें दबने से 12 वर्षीय बालिका अंजू बैगा पिता कैरु बैगा की मौत हो गई और उसकी बड़ी बहन घायल हो गई है।
घायल बड़ी बहन सीमा बैगा ( 23 ) को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि रात में दोनों बहनें जब घर के अंदर खाना बना रही थीं, उसी समय अचानक घर की कच्ची दीवार भरभरा कर गिर पड़ी, जिसमें दोनों बहनें दब गई थीं।
घर के बाहर बैठे माता- पिता और पड़ोसियों ने घर के मलबे में दबी दोनों बहनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन जब तक मलबा हटाया गया, तब तक अंजू की मौत हो चुकी थी। सोमवार की रात हुई इस घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है।
बताया जा रहा है कि अंजू घर में अपने माता-पिता व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहती थी। सबसे राहत की बात रही कि जिस समय मकान गिरा, उस समय घर के अन्य सदस्य भी अंदर नहीं थे अन्यथा हादसा और बड़ा हो सकता था। जानकारी लगने के बाद चितरंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंच कर बालिका की मौत का मर्ग कायम कर जांच कर रही है।