काबुल में गर्ल्स स्कूल के बाहर विस्फोट, 55 की मौत

काबुल,एजेंसी। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के पश्चिमी इलाके में स्थित लड़कियों के एक स्कूल के नजदीक हुए बम विस्फोट में अबतक 55 लोगों की मौत हो गई है। मारे गए लोगों में ज्यादातर 11 से 15 साल के बच्चे हैं, जिनमें बड़ी संख्या गर्ल्स स्कूल की छात्राओं की है। घटना में 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। अफगान सरकार ने तालिबान ने नागरिकों को निशाना बनाकर किए गए हमले की निंदा की है और इसमें अपना हाथ होने से इनकार किया है। आंतरिक मंत्रालय के प्रवक्ता त्ने बताया कि शिया बहुल दस्त-ए-बारची इलाके में स्थित सैयद अल-शाहदा स्कूल के नजदीक हुए धमाके के स्थान से एंबुलेंस के जरिए घायलों को निकाला गया। अधिकारियों ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जतायी है। इलाके के निवासियों ने बताया कि धमाका बहुत भीषण था। निवासी नसीर रहीमी ने कहा कि उन्होंने तीन अलग-अलग धमाकों की आवाज सुनी। हालांकि, इस दावे के बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी। रहीमी ने कहा कि धमाके की तीव्रता को देखते हुए मृतक संख्या बढ़ सकती है। धमाका स्थानीय समयानुसार शाम करीब 4:30 बजे हुआ और उस समय लड़कियां स्कूल से निकल रही थीं। पिछले साल इसी इलाके में पिछले साल शिया समुदाय को निशाना बनाकर शिक्षण संस्थान पर हमला हुआ था जिसमें 50 लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में अधिकतर छात्र थे। यह हमला यहां बचे 2500 से 3000 अमेरिकी सैनिकों की औपचारिक वापसी शुरू होने के कुछ दिन बाद हुआ।