नवानगर थाना क्षेत्र के गरीब बस्तियों में रहने वाले लोगों को पैसों का लालच देकर धर्मांतरण कराये जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात निगाही मोड़ काली मंदिर के पास एक हॉल में सौ से अधिक महिला-पुरुष एकत्र थे। इन सभी को उड़ीसा से आये लोग ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे थे और ईसाई धर्म से संबंधित पूजा-पाठ करा रहे थे।
मोहल्ले के कुछ लोगों को संदिग्ध गतविधि होने का संदेह हुआ तो उन्होंने पुलिस और धार्मिक संगठन और मानवाधिकार संगठन को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दबिश दी, जहां पर सौ से अधिक महिला-पुरुष एकत्र थे। पुलिस के पहुंचने पर कुछ लोग भाग खड़े हुए। मौके से पुलिस को हिंदू धर्मविरोधी किताबें व अन्य सामग्री जब्त किया है।
बड़ी संख्या में मिले आपत्तिजनक ग्रंथ
जिस हॉल में धर्मातरण कराने का काम चल रहा था, वहां पर बड़ी संख्या में हिंदू धर्म के विरोध में आपत्तिजनक ग्रंथ मिले हैं। मौके पर पहुंचे संयुक्त मानवाधिकार संगठन और भाजपा नेताओं ने धर्मांतरण का कड़ा विरोध किया। इस दौरान अध्यक्ष आलोक शुक्ला, दीपक कुशवाहा, सुमित कुशवाहा, अमित शाह, नमन कुशवाहा, शिवम शाह, भाजपा मंडल मंत्री अभिषेक कुशवाहा, स्वर्ण आर्मी अध्यक्ष राजेश दुबे, सतेंद्र पांडेय, राजबली शाह, करण कुशवाहा, शिवम शर्मा, धुव सोनी, लकी सिंह, नीरज कुशवाहा, अमित कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
लंबे समय से चल रहा था धर्मांतरण का काम
बताया जा रहा है कि हिंदू धर्म के लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए उड़ीसा से सिंगरौली आये कुछ लोग लंबे समय से नवानगर क्षेत्र में घूम-घूम कर गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों से संपर्क कर रहे थे। बताया जा रहा है कि हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने के लिए रुपये, शिक्षा, चिकित्सा आदि का लालच दिया गया था। उड़ीसा से आये लोग गरीब वर्ग के लोगों को निशाने पर लेकर लालच देकर फंसा रहे थे। उसके बाद हिंदू धर्म को छोड़कर ईसाई धर्म की शपथ दिलवाते थे।
इनका कहना है
एक हॉल में कुछ लोग धर्मांतरण करवाकर ईसाई धर्म अपनाने का काम करवा रहे थे। मौके से आपत्तिजनक ग्रंथ और अन्य सामग्री मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। हिंदू धर्म छोडकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने वाले पांच लोगों को पकड़ा गया है। पूछताछ की जा रही है।
– कपूर त्रिपाठी, टीआई नवानगर








