मध्य प्रदेश की आर्थिक नगरी इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले अज्ञात आरोपी ने एयरपोर्ट डायरेक्टर को भेजे मेल में कहा है कि एयरपोर्ट के पिछले हिस्से में विस्फोटक रखा गया है। धमकी भरा मेल मिलते ही एयरपोर्ट प्रबंधन में हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट पर आनन-फानन में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अभी तक एयरपोर्ट पर कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस ने धमकी देने वाले अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
एयरपोर्ट डायरेक्टर की ऑफिशियल मेल आईडी पर आए धमकी भरे मेल में लिखा था- ‘बैकयार्ड में विस्फोटक है।’ इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात बीडीएस टीम और सीआरपीएफ ने जांच शुरू की, लेकिन जांच में कुछ नहीं मिला। ईमेल आईडी ‘किल यू किल’ ईमेल से जुड़ी बताई जा रही है। फिलहाल एरोड्रम पुलिस ने धमकी देने वाले अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और साइबर टीम की मदद से आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
6 महीने में तीसरी धमकी
एडिशनल डीसीपी आलोक शर्मा के मुताबिक एयरपोर्ट डायरेक्टर की मेल आईडी पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने धमकी भरा ईमेल भेजा है। जिसमें एयरपोर्ट के अंदर पॉवरफुल एक्सपोजर डिवाइस रखने की बात कही गई थी। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम सक्रिय हो गई है। बीडीएस टीम को बुलाकर जांच कराई गई। तलाशी के बाद कुछ नहीं मिला। फिलहाल एरोड्रम थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि इस साल यह तीसरी बार धमकी मिली है। इस मामले में पुलिस संवेदनशील है।








