मंडला। सिंगरौली जिले की प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश की राजनीति में अक्सर अपने कामकाज और सादगी के लिए जानी जाने वाली कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके इन दिनों सोशल मीडिया पर सुर्खियों में हैं।
वजह है उनका एक वीडियो, जिसमें वे महिला श्रद्धालुओं के साथ जमीन पर बैठकर ढोलक बजाते और पारंपरिक देवी गीत गाते दिख रही हैं। जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंचा, देखते ही देखते हजारों बार शेयर हो गया और मंत्री उइके का यह भक्तिमय रूप लोगों को खूब भा रहा है।
देवी यात्रा का खास क्षण
जानकारी के अनुसार, यह दृश्य चिरईडोंगरी क्षेत्र के मानेगांव स्थित काली मंदिर में आयोजित चुनरी यात्रा के दौरान का है। यात्रा में भारी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण मौजूद थे।
इसी माहौल में मंत्री उइके ने सहज भाव से ढोलक उठाई और देवी भक्ति के गीतों की ताल में महिला समूह के साथ शामिल हो गईं। उनके इस कदम ने वहां मौजूद लोगों को चौंका भी दिया, लेकिन अगले ही पल पूरा वातावरण उत्साह और श्रद्धा से सराबोर हो गया।
सोशल मीडिया पर तारीफें
वीडियो के वायरल होने के बाद अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों ने इसे “जनता से जुड़ाव का वास्तविक रूप” बताया, तो कई ने “सादगी और संस्कृति के प्रति लगाव” की मिसाल करार दिया। वहीं खासकर महिला समूहों ने इस दृश्य को प्रेरणादायक बताया है।
राजनीति और संस्कृति का संगम
संपतिया उइके स्वयं आदिवासी समाज से आती हैं और क्षेत्र की परंपराओं से घनिष्ठ जुड़ाव रखती रही हैं। राजनीतिक जीवन में आने से पहले भी वे सांस्कृतिक आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं।
इस वजह से उनके भक्तिमय और पारंपरिक अंदाज ने लोगों से तुरंत जुड़ाव कायम किया। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस तरह के क्षण यह साबित करते हैं कि मंत्रीगण केवल प्रशासक ही नहीं, बल्कि जनसाधारण के बीच से जुड़े हुए लोग भी हैं।








