छतरपुर | प्रदेश के वन राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार के काफिले में शामिल वाहन की टक्कर से घायल हुए वृद्ध की हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों को उसका एक पैर काटना पड़ा है। बुजुर्ग ग्वालियर के अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। गौरतलब है कि दो दिन पहले गुरुवार को लवकुशनगर थाना क्षेत्र के बसंतपुर तिगैला के पास यह हादसा हुआ था।
मंत्री दशहरा मिलन कार्यक्रम में जा रहे थे, तभी काफिले के एक वाहन ने एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी थी। रिक्शे में सवार सात लोग घायल हुए, जिनमें 70 वर्षीय साहब सिंह निवासी गुधौरा के दोनों पैर कुचल गए थे।
उन्हें पहले छतरपुर जिला अस्पताल और बाद में ग्वालियर रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने शुक्रवार को एक पैर काट दिया जबकि दूसरे पैर में तार डालकर ऑपरेशन किया गया है। परिजन बोले- मंत्री जी के लोगों ने शुरू में हाल पूछा, अब सुध नहीं ले रहे पीड़ित साहब सिंह के पोते शैलेंद्र ने बताया कि हादसे के बाद मंत्री जी के कुछ लोग आए थे,
लेकिन कोई आर्थिक मदद नहीं मिली है। इलाज में अब तक डेढ़ लाख रुपए खर्च हो चुके हैं, और पैसे जुटाने के लिए जमीन गिरवी रखनी पड़ी है। उन्होंने बताया कि मंत्री जी से फोन पर बात हुई थी, उन्होंने कहा था ग्वालियर आकर मदद करेंगे, लेकिन अब तक न आए हैं और न कोई मदद भेजी गई है। शैलेंद्र ने बताया कि ग्वालियर के श्री साई राम अस्पताल में भर्ती हैं।








