सागर में नर्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब हो गया । दीपशिखा चढ़ार शाहगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नर्स थी। जबलपुर के पास पाटन की निवासी बताई जा रही है। वह बुधवार रात को ड्यूटी के लिए निकली थी, तभी स्वास्थ्य केंद्र के गेट के पास आरोपी पहुंचा और दीपशिखा पर फायर कर दिया।
गोली लगने से दीपशिखा की मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर लोग जमा हो गए। इनमें से किसी ने पुलिस को फोन कर दिया। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी डॉ. संजीव उईके मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वारदात स्थल पर पहुंचकर शव का पंचनामा बनाया। आरोपी की धरपकड़ के लिए नगर की नाकाबंदी की गई है। स्वास्थ्य केंद्र और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।
थाने से 200 मीटर की दूरी पर वारदात
जानकारी के मुताबिक वारदात स्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर शाहगढ़ पुलिस थाना है। अस्पताल के पास मुख्य बस स्टैंड है। भीड़भाड़ वाला इलाका होने के बावजूद आरोपी वारदात कर जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस टीमें आरोपी को पकड़ने के लिए पीछा कर रही हैं। जंगल में सर्चिंग जारी है। शाहगढ़ नगर की नाकाबंदी की गई है। पास में ही छतरपुर जिले की बॉर्डर है, इसलिए वहां भी पुलिस को अलर्ट किया है।







