भारतीय जनता पार्टी के रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा एक बार फिर अपने अलग अंदाज़ को लेकर चर्चा में हैं। सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत मंगलवार को त्यौंथर विधानसभा के बड़ागांव पंचायत में पहुंचे सांसद ने वहां गंदे कपड़ों और धूल-मिट्टी से सने बच्चों को खुद पानी, साबुन और शैम्पू से नहलाया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता और शिक्षा का महत्व बताते हुए ग्रामीणों से आग्रह किया कि बच्चों की सेहत और पढ़ाई को प्राथमिकता दें।
स्वच्छता और शिक्षा को जोड़ा संदेश
सांसद मिश्रा ने मौके पर कहा कि “साफ कपड़े और साफ शरीर न सिर्फ स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, बल्कि यह बच्चों के आत्मविश्वास को भी बढ़ाता है।” उन्होंने घोषणा की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) पर इन बच्चों का विद्यालय में प्रवेश कराया जाएगा, ताकि शिक्षा की ओर उनका पहला कदम सुनिश्चित हो सके।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। समर्थक इसे सांसद की ज़मीन से जुड़ी कार्यशैली बता रहे हैं, वहीं विपक्ष ने इसे प्रचार की रणनीति करार दिया है। हालांकि, गांव के लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को साफ-सुथरा रखना और पढ़ाई की ओर बढ़ाना समाज के लिए बड़ी जरूरत है।








