मध्य प्रदेश के जबलपुर में सोमवार सुबह बंदूक की नोक पर बैंक से करोड़ों रुपये की लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि लूट की यह वारदात सुबह 9 बजे बैंक खुलने पर हुई।
बैंक खुलते ही आसपास मौजूद पांच नकाबपोश योजनाबद्ध तरीके से अलग-अलग बाइकों पर पहुंचे और सीधे बैंक परिसर में बंदूक या रिवॉल्वर दिखाकर बैंक में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि करीब 10 से 15 मिनट में इस वारदात को अंजाम देने के बाद पांचों नकाबपोश डकैत पलक झपकते ही मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि सिहोरा में नेशनल हाईवे और खितौला मोड़ के पास स्थित इसाफ स्माल फाइनेंस बैंक की शाखा में यह सनसनीखेज डकैती सुबह करीब 9 बजे हुई, जब बैंक का कामकाज और लेन-देन शुरू भी नहीं हुआ था।
इसी बीच, आरोपी योजनाबद्ध तरीके से सुबह 8:55 बजे बैंक पहुँचे और बैंक कर्मचारियों की कनपटी पर बंदूक तानकर लूटपाट कर फरार हो गए।
शुरुआत में बताया गया था कि अज्ञात लुटेरे बैंक से करीब 12 किलो सोना और 5 लाख 70 हज़ार रुपये नकद लूटकर ले गए हैं। लेकिन अब पुलिस ने मामले में पुष्टि की है कि 12 नहीं बल्कि 14 किलो 800 ग्राम सोना और कुल पाँच लाख रुपये लूटे गए हैं।
इस प्रकार, बैंक से लूटे गए सोने की अनुमानित कीमत करोड़ों में बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी अलग-अलग बाइक पर बैंक परिसर में आए थे। सभी ने हेलमेट पहने हुए थे। साथ ही, चेहरों पर नकाब भी था, साथ ही उनके हाथ भी ढके हुए थे। फिलहाल, पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे
घटना की सूचना मिलते ही खितौला और सिहोरा पुलिस की टीमें मौके पर पहुँचीं और जाँच शुरू कर दी। बैंक में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जाँच की जा रही है।
खास बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद पांचों बदमाश किस दिशा में भागे, यह किसी को नहीं पता। इस सनसनीखेज डकैती की वारदात ने एक बार फिर शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्योंकि, लगभग हर महीने जिले के खितौला या सिहोरा में चोरी की कोई न कोई वारदात होती ही रहती है। हाल ही में सिहोरा के प्रमुख धार्मिक स्थल कहे जाने वाले ज्वालामुखी मंदिर में भी दो दिन पहले चोरी की वारदात हुई, जिसकी अभी जांच चल रही है।







