सिवनी शहर के महावीर वार्ड निवासी दो सगे भाइयों का पहले चाकू से गला रेता और फिर पत्थर पटककर हत्या कर दी। दोनों के शव बुधवार दोपहर अरी थाना के अम्मामाई धार्मिक स्थल के पास जंगल में मिले।
मामले में कोतवाली पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। पकड़ा गया आरोपी मृतकों का सगा रिश्तेदार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।
महावीर वार्ड निवासी मयंक धाकरिया (9) और दिव्यांश (6) मंगलवार शाम अचानक लापता हो गए। रात में मां ने कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
दूसरे दिन दोनों बच्चों के शव मिले। आरोपी ने पहले बच्चों का गला रेता । शरीर के अन्य हिस्से में चाकू मारे और बाद में उन पर पत्थर पटक दिया। इसके बाद पत्थरों से शवों को दबा भी दिया।
आरोपी बच्चों को बहला-फुसलाकर घूमने के बहाने ऑटो से जनता नगर की ओर ले गया था। जानकारी अनुसार बच्चों की मां का अपने पति से कुछ साल पहले तलाक हो चुका है।
मां ने लगाए मौसा पर आरोप
बच्चों की मां रो-रोकर बता रही है कि बच्चों के मौसा ने उन्हें मारा है। उनका कहना है कि मौसा पहले भी उन्हें जान से मारने की धमकी दे चुका था। हालांकि, हत्या का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है और जल्द ही इसका खुलासा करने की बात कह रही है। घटनास्थल पर कोतवाली डूंडा सिवनी, अरी थाने की पुलिस और छिंदवाड़ा से फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम भी मौजूद थी। एफएसएल टीम घटनास्थल से सबूत जुटा रही है ताकि मामले की जांच में मदद मिल सके।







