बंद कमरे में मिले 3 शव

मऊगंज जिले के गडरा गांव के एक घर में तीन शव मिले हैं। बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस गेट खोलकर अंदर गई तो शव पड़े थे। कलेक्टर संजय कुमार जैन और एसपी दिलीप कुमार सोनी भी मौके पर हैं। घटना औसेरी साकेत के घर की है। उसकी पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है। वह बेटी मीनाक्षी (11) और बेटे अमन (8) के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि शव औसेरी और उसके बच्चों के ही हैं। पड़ोसियों ने बताया, आज सुबह से घर से बदबू आ रही थी। खिड़की से झांककर देखा तो दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रीवा से फॉरेंसिक टीम और अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया है। बता दें, 15 मार्च को इसी गडरा गांव में बवाल हुआ था। तब सनी द्विवेदी नाम के युवक की आदिवासियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। साथ ही एएसआई रामचरण गौतम पर भी हमला हुआ था, जिसमें वे शहीद हो गए थे। इस घटना में 15 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए थे। तब से गांव में धारा 144 लागू है और पुलिस कैंप लगाकर सुरक्षा की जा रही है।