IBC24 माइंड समिट: मध्यप्रदेश के विकास पर मंथन, सियासी व सामाजिक दिग्गजों ने साझा किए विचार

सतना। राजधानी भोपाल में आईबीसी24 न्यूज चैनल द्वारा आयोजित माइंड समिट ने मध्यप्रदेश के विकास और सियासी संभावनाओं पर गहन चर्चा का मंच तैयार किया। इस भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य के विकास का ब्लू प्रिंट पेश किया। उन्होंने अपने संबोधन में प्रदेश को नंबर वन बनाने के अपने संकल्प को दोहराते हुए युवाओं और किसानों की स्थिति सुधारने को प्राथमिकता बताया।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि वह केवल वोट के लिए हिंदुओं को रिझाती है, जबकि उनके आराध्यों पर सवाल खड़े करती है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी वर्चुअली जुड़े और देश को टेलीकॉम हब बनाने की अपनी योजना पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत में सबसे सस्ता डाटा और सबसे ज्यादा डिजिटल लेन-देन हो रहा है।
सियासी दिग्गजों की शिरकत…..
कार्यक्रम में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने खुलकर राजनीति पर चर्चा की। विपक्ष की ओर से राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, पूर्व पीसीसी चीफ अरुण यादव, और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने भी सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की कोशिश की।
धर्म, समाज और खेल पर विमर्श….
बागेश्वर पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र शास्त्री और अन्य धर्माचार्यों ने हिंदू एकता पर अपने विचार रखे। महिलाओं के सशक्तिकरण पर आधारित सत्र में मिसेस वर्ल्ड वाइड इंडिया शिविका सिंह, मिसेस यूनिवर्स रनरअप निकिता कुशवाहा, और अन्य ने अपनी बातें रखीं। खेल सत्र में ओलंपिक हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर, पैरा ओलंपिक खिलाड़ी प्राची यादव, और अल्ट्रारनर कार्तिक जोशी ने खेल संभावनाओं पर चर्चा की।
नए मध्यप्रदेश का रोडमैप…..
समिट के दौरान विभिन्न सत्रों में सामाजिक, धार्मिक और आर्थिक विकास पर गहन मंथन हुआ। यह आयोजन प्रदेश को नई दिशा देने वाला एक डिजिटल दस्तावेज साबित हो सकता है।