दो बच्चों की मां ने प्रेमी संग एक ही फंदे पर लगाई फांसी

शहडोल | जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के बंधा गांव के मौहार टोला में एक ही फंदे पर युवक व महिला की लाश फंदे से लटकी पाई गई। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि जिला सीधी निवासी दो बच्चों की मां मृतक महिला जयसिंहनगर क्षेत्र निवासी युवक के साथ रिलेशनशिप में थी।
आशंका जताई जा रही है कि एक साथ रहने में आड़े आ रही सामाजिक बंदिशों के चलते आत्महत्या का रास्ता अपनाया होगा। पुलिस के अनुसार सीधी जिले के झगड़ा गांव निवासी महिला संगीता सिंह 20 वर्ष अपने पति की मृत्यु के बाद दो बच्चों के साथ ससुराल में ही रहती थी।
बताते हैं कि जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के बसनगरी गांव निवासी हमउम्र युवक संदीप सिंह गोंड़ के साथ उसके नजदीकी संबंध बन गए थे। महिला एक दिन पहले अपने ससुराल से फोटो कॉपी कराने के नाम पर घर से निकली थी। दूसरे दिन जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में महुआ के पेड़ पर प्रेमी के साथ फांसी के फंदे पर लटकी मिली।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतारकर पंचनामा तैयार किया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।