मध्य प्रदेश
MP BJP के प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा का आकस्मिक निधन, दोपहर 3 बजे दी थी दोस्त को जन्मदिन की बधाई, शाम को आया हार्ट अटैक

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा का बुधवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे सीहोर में एक रिसोर्ट में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने गए थे, जहां उनकी तबीयत खराब हो गई। उन्होंने इसे एसिडिटी समझकर गोली खा ली और इंदौर लौट आए। घर पहुंचने पर उन्हें उल्टी और चक्कर आया, जिससे वे बेहोश हो गए। परिजन उन्हें गौरव अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सलूजा के निधन की खबर मिलते ही भाजपा नेताओं में शोक की लहर दौड़ गई। भाजपा नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और सांसद शंकर लालवानी सहित कई नेता अस्पताल पहुंचे और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
नेताओं के शोक संदेश
- मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सलूजा के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि उनका निधन पार्टी के लिए बड़ी क्षति है।
- पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी सलूजा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।
- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी सलूजा के निधन पर शोक व्यक्त किया है ।