सिंगरौली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षा की तिथियों में संशोधन कर दिया है। गत 29 दिसंबर को जारी आदेश के अनुसार दसवीं की 3 मार्च की परीक्षा अब 11 मार्च को होगी। इसी तरह बारहवीं की भी तीन मार्च को आयोजित होने वाली परीक्षा का आयोजन अब 10 अप्रैल को किया जाएगा। बोर्ड ने परीक्षा तिथियों में में संशोधन प्रशासनिक कारणों से किया है। उसने प्राचार्यों को जारी पत्र में यह स्पष्ट किया है कि बाकी सभी परीक्षाओं की तारीखें यथावत रहेंगी। स्कूलों से कहा है कि वे छात्रों एवं अभिभावकों तक परीक्षा तिथि में संशोधन की जानकारी पहुंचायें, ताकि उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने कहा है कि संशोधित तिथियां परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड में भी दर्ज की जाएंगी।








