कोटा जयपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे चाकसू क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे में जबलपुर के 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। सभी श्रद्धालु यहां खाटूश्याम जी के दर्शन करने पहुंचे थे। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक महिला सहित चार नौजवानों की मौत हो गई।
धमाके की आवाज सुनकर लोग दौड़े
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तेज धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। कार में शव बुरी तरह फंसे हुए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। काफी देर तक हाईवे पर जाम लगा रहा है। हादसे की खबर लगते ही मृतकों के परिजन जयपुर के लिए रवाना हो गए हैं।
चार की मौके पर मौत, एक की रास्ते में
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को झपकी आने के कारण दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल एक युवक को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतकों में शानू सूकरवार (25) पुत्र पप्पू निवासी इंद्रा नगर, पीयूष राय (26) शंकर नगर, माढ़ोताल, राहुल रजक (27) और अनुराग रजक ( 27 ) शंकर नगर खेरमाई मंदिर निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं महिला रेशमा श्रीवास्तव (54) दद्दा नगर माढ़ोताल की रहने वाली थी। रेशमा श्रीवास्तव सरकारी नौकरी में थी और अनुराग उनका ड्राइवर था।
शनिवार को ही था पिता का बर्थडे
मृतक पीयूष के पिता राजेश ने बताया कि 12 फरवरी रात को उज्जैन में श्री महाकालेश्वर महादेव के दर्शन करने गये थे। 13 फरवरी को दर्शन के बाद सभी खाटूश्यामजी (सीकर) के लिए रवाना हुए थे। कार में सवार सभी लोग आपस में परिचित थे। शनिवार को ही उनका जन्मदिन था, बेटे पीयूष ने अपने वॉट्सएप स्टेटस पर उनको जन्मदिन की शुभकामनाएं दी थीं।
आखिरी सेल्फी साबित….
परिजनों ने बताया कि राहुल और अनुराग ने अपने वॉट्सएप स्टेटस से एक फोटो शेयर की थी। दोनों ने उज्जैन में सेल्फी ली थी जो कि उनकी आखिरी सेल्फी साबित हुई। वॉट्सएप स्टेटस की ये फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।








