हैदराबाद | प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) संगठन के शीर्ष कमांडर और प्रमुख रणनीतिकार तिप्परी तिरुपति उर्फ देवजी (62) ने तेलंगाना पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को इसकी पुष्टि की। देवजी पर 1 करोड़ का इनाम घोषित था। देवजी तेलंगाना के जगित्याल जिले का रहने वाला है।
माना जाता है कि वह मई 2025 मारे गए माओवादी महासचिव नंबाला केशव राव उर्फ बसवराजू के बाद संगठन की कमान संभाल रहा था।
वह सीपीआई (माओवादी) की सेंट्रल कमेटी का सदस्य और सेंट्रल मिलिट्री कमीशन (सीएमसी) का इंचार्ज था और अभी छत्तीसगढ़ के माड़ इलाके से गतिविधियां चला रहा था।
संग्राम ने 50 साथियों के साथ किया आत्मसमर्पण
एक अन्य घटनाक्रम में वरिष्ठ माओवादी नेता मल्ला राजी रेड्डी उर्फ संग्राम ने भी 50 कैडर के साथ आत्मसमर्पण किया है। इससे पहले अक्टूबर 2025 में मल्लोजुला वेणुगोपाल राव उर्फ सोनू ने 60 कैडर के साथ महाराष्ट्र में सरेंडर कर सशस्त्र संघर्ष अस्थायी रूप से छोड़ने की अपील की थी।








