प्रदेश के 20 पुलिस अफसरों को मिलेगा राष्ट्रपति पदक

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस के कर्तव्यनिष्ठ 20 अधिकारी व कर्मचारियों को विशिष्ट तथा सराहनीय सेवा के लिए वर्ष 2021 के राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान करने तथा छह अधिकारियों-कर्मचारियों को वीरता के लिए पुलिस पदक प्रदान करने की घोषणा की गई है। पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी ने इन सभी अधिकारी व कर्मचारियों को पदक मिलने की घोषणा होने पर हार्दिक बधाई दी है। पदकों का वितरण अगले साल के स्वतंत्रता दिवस समारोह यानि 15 अगस्त 2022 को किया जाएगा। वीरता के लिए पुलिस पदक पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी, सहायक सेनानी रवि द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक सर्व अजित सिंह, विपिन खलको, रामपदम को देने की घोषणा की गई है। राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अजाक) राजेश गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) डी. श्रीनिवास राव, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (गुप्तवार्ता) आदर्श कटियार एवं निरीक्षक रेडियो मुख्यालय भोपाल प्रमोद पीटर को देने की घोषणा की गई है।
