खबर मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से है, जहां बड़नगर तहसील के भीड़ावद, लोहरिया और रावदिया गांव में अनूठी परंपरा वर्षों से निभाई जा रही है। सुख, समृद्धि और मन्नत को लेकर ग्रामीण सड़क पर मुंह के बल लेट जाते हैं और इसके बाद सैकड़ों गायों को एक साथ दौड़ाया जाता है, जो मन्नतधारियों के ऊपर से गुजरती हुई गाय निकल जाती है। इस परंपरा को देखने के लिए लाखों लोगों की संख्या पहुंचती है। ग्रामीणों ने बताया कि मान्यता है कि गौ माता के पैरों के नीचे से गुजरने पर सुख, समृद्धि आती है और उनकी मनोकामना पूर्ण होती है। उनका विश्वास है कि गाय में देवी-देवताओं का वास होता है। उनके पैरों का स्पर्श भगवान के आशीर्वाद के स्वरूप है।
सुबह सूर्योदय से पहले ग्रामीण आयोजन की तैयारी में जुट गए हैं। गायों को नहलाकर उनके शरीरों को सजाया गया। इसके बाद गांव के चौक में गौरी पूजन हुआ। मन्नतधारी पूजा की थालियां लेकर भी पहुंचे थे। इनमें पूजा सामग्री के साथ गाय का गोबर भी रखा गया था, जिसे गौरी स्वरूप मानकर पूजा की जाती है। नारियल फोड़कर इसके उपरांत पूजा संपन्न कराई गई।
इसके बाद ढोल-धमाकों के बीच मन्नतधारियों का जुलूस निकाला गया। उन्हें गांव के मुख्य मार्ग पर जमीन पर लिटाया गया और गायों को दौड़ा दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार यह परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। इसकी शुरुआत कब हुई, इसका सही तरीके से आकलन अब तक नहीं है। उनका दावा है कि अब तक इस आयोजन में गायों के पैर नीचे लेटने से कोई भी घायल नहीं हुआ है। हर साल इस परंपरा को देखने के लिए आसपास के इलाकों से ग्रामीण जन पहुंचते हैं।
Comments (0)