शादी का झांसा देकर कर रहा था तलाकशुदा महिला से दुष्कर्म

भोपाल। हनुमानगंज पुलिस ने तलाकशुदा महिला की शिकायत पर एक युवक पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। महिला का आरोप है कि वर्ष 2018 से युवक उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बना रहा था। जब महिला ने उस पर शादी का दबाव बनाया तो वह मुकर गया और कहने लगा कि उसकी शदी पहले ही हो चुकी है।
पुलिस ने युवक के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 31 साल की महिला इलाके में अपने माता-पिता के साथ रहती हैं और सर्वे का काम करती हैं। उसका छह साल पहले अपने पति से तलाक हो चुका है। पहले पति उसे उसे सात साल का एक बच्चा भी है।
पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि चार साल पहले उसकी मुलाकात 28 साल के हेमंत दुबे नामक व्यक्ति से हुई?थी। हेमंत ने उसे बताया था कि वह बीना का रहने वाला है। दोनों में गहरी दोस्ती हो गई थी। पीडि़ता का आरोप है कि मई 2018 में हेमंत दुबे ने महिला को प्रेम का इजहार किया और शादी करने का विश्वास दिलाया।
महिला ने उसे यह ठीक बात नहीं होने का कहा था, लेकिन हेमंत ने उसे कहा कि आजकल सब चलता है। इसके बाद दोनों बजरिया इलाके में किराए के मकान में लिव इन रिलेशन में रहने लगे। बाद में वहां से मकान खाली कर नारियलखेड़ा और त्रिवेणी हाइट में भी कुछ दिन रहे।
घर से लौटा और कर दिया इंकार :
हेमंत दुबे करीब पंद्रह दिन पहले बीना चला गया था। वहां से 2 दिसंबर को लौटा और महिला के घर पहुंच गया। वहां रात में महिला से संबंध बनाए और 3 दिसंबर शुक्रवार सुबह यह कहकर निकल गया कि शादी की व्यवस्थाएं करने बाद लौटता हूं। पीडि़ता ने उसे दोपहर में कॉल किया तो उसने बताया कि वह शादी नहीं कर सकता योंकि उसकी पहले ही शादी हो चुकी है। इसके बाद मामला थाने पहुंच गया।