देशभर में सुरक्षा एजेंसियां दिल्ली में हुए हालिया बम धमाके के बाद हाई अलर्ट पर हैं। इसी बीच बुधवार को मुंबई से वाराणसी जा रही (22177) महानगरी एक्सप्रेस में बम की अफवाह से हड़कंप मच गया।
ट्रेन के इंजन के पीछे लगे जनरल कोच के टॉयलेट में ‘पाक जिंदाबाद’, ‘बम धमाका’ और ‘आईएसआईएस जैसे शब्द लिखे थे। जैसे ही यह जानकारी रेलवे अधिकारियों तक पहुंची, ट्रेन को तुरंत सुरक्षा जांच के लिए रोक दिया गया। ट्रेन को पहले जलगांव, भुसावल और फिर खंडवा स्टेशन पर जांचा गया।
लेकिन जब यह इटारसी पहुंची तो सुरक्षा बलों की चिंता और बढ़ गई। जांच के दौरान ए-1 एसी कोच में एक लावारिस सूटकेस मिला। यात्रियों से पूछताछ में बताया गया कि सूटकेस पुणे से चढ़े एक यात्री का था जो बर्थ नंबर 8 पर बैठा था, लेकिन बाद में वह दिखाई नहीं दिया।
सूचना पर आरपीएफ, जीआरपी, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचा। डॉग ने सूटकेस को सूंघकर जांच की, लेकिन किसी विस्फोटक की आशंका नहीं मिली। इसके बाद ट्रेन से सूटकेस को उतार उसे खोला गया।
पुणे से रीवा जा रहे यात्री का निकला सूटकेस
सूटकेस खोलने पर सबसे पहले एक पुस्तक “366 रीडिंग्स फ्रॉम इस्लाम” दिखाई दी। इसके साथ कुछ अन्य रुटीन पुस्तकें और एक बायोडाटा जैसी शीट मिली। इसमें सतीश मिश्रा नाम और एक मोबाइल नंबर लिखा था। जब फोन किया तो पता चला कि सतीश उसी ट्रेन के दूसरे कोच में सफर कर रहे थे। बताया कि सूटकेस उन्हीं का है, जिसे बाद में सौंप दिया गया। सतीश पुणे से रीवा जा रहे थे।
जबलपुर पहुंचते ही ट्रेन की फिर से जांच, 40 जवानों ने 22 कोच खंगाले
जबलपुर | महानगरी एक्सप्रेस में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ लिखे जाने की खबर फैलते ही जबलपुर स्टेशन पर भी रेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। शाम 5 बजे ट्रेन पहुंचते ही आरपीएफ और जीआरपी ने 22 कोचों की जांच की। 40 जवानों और डॉग स्क्वॉड ने पूरी ट्रेन खंगाली, पर ऐसा कोई संदेश नहीं मिला। जबलपुर पहुंचने से पहले भी ट्रेन की कई जगह जांच की गई थी। जबलपुर स्टेशन पर एक टीम ने एसी कोच तो दो टीमों ने स्लीपर और जनरल कोच जांच की। इस दौरान यात्रियों से भी पूछताछ की गई। बाद में ट्रेन को सुरक्षित रवाना कर दिया गया।







