मध्य प्रदेश के भोपाल शहर से खबर है जहां लेकपार्क कॉलोनी के एक मकान में मध्य प्रदेश के ही दतिया जिले की आरटीओ इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले का शव मिला है। उनके सिर पर चोट के गहरे निशान हैं। शव के पास एक लोहे का हथौड़ा भी मिला है। मकान मीनाक्षी के प्रेमी पवन कुमार द्विवेदी का है। मीनाक्षी रविवार शाम करीब 7:00 बजे के केयर टेकर कृतिका के साथ यहां पहुंची थी। उनकी तीन साल की बेटी है। रात में कृतिका मीनाक्षी की बेटी के साथ अंदर वाले कमरे में सोई थी। सोमवार सुबह करीब 7:00 बजे जागी तो बाहर वाले कमरे में मीनाक्षी का शव देखा और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
मीनाक्षी से शादी करना चाहता था पवन
पुलिस के मुताबिक पवन मीनाक्षी से शादी करना चाहता था जबकि वह इसके लिए तैयार नहीं थी। पुलिस को शक है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच रात में विवाद हुआ और पवन ने मीनाक्षी के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया। इसके बाद घर से करीब 20 मीटर दूर पेड़ पर प्रेमी ने रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को उसकी जेब से पासबुक भी मिली है।
इंदौर में हुई थी मीनाक्षी और पवन की मुलाकात
प्रारंभिक जांच में पता चला कि पवन मूल रूप से सीधी जिले का रहने वाला है। वह इंदौर में कोचिंग क्लासेस चला चुका था। मीनाक्षी और पवन की मुलाकात इंदौर में ही हुई थी। उन दिनों मीनाक्षी अविवाहित थी और प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रही थी।

Comments (0)