By Vijay
मध्य प्रदेश के आगर मालवा से खबर है, जहां रिश्वतखोरी के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। यहां आगर मालवा में लोकायुक्त की टीम ने पटवारी और कोटवार को घूस लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। पटवारी और कोटवार ने मिलकर एक किसान से उसकी जमीन के नक्शे में हुई त्रुटि सुधारने के एवज में लगभग ₹60,000 की मांग की थी और ₹30,000 पहले ले चुके थे और आज दूसरी किस्त ले रहे थे।
शिकायतकर्ता आशुतोष चौहान ने बताया कि वह लंबे समय से जमीन से संबंधित त्रुटि सुधार के लिए पटवारी के पास जा रहे थे, लेकिन पटवारी रिश्वत की मांग कर रहे थे। जिसके बाद लोकायुक्त पुलिस में पहुंचकर शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं लोकायुक्त पुलिस ने मामले की पुष्टि की तो पता चला कि शिकायतकर्ता से रिश्वत के रूप में पैसे मांगे जा रहे हैं और लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत सही पाई।
जिसके बाद आज शुक्रवार को रिश्वतखोर पटवारी कोटवार को पकड़ने की योजना बनाई गई। प्लानिंग के तहत दूसरी किस्त ₹10,000 जैसे ही शिकायतकर्ता पटवारी और कोटवार को दिया, उसी दौरान लोकायुक्त पुलिस ने दोनों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मामले की जांच शुरू कर दी है।