By Vijay
सिंगरौली जिले के नवानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कार ओवरटेकिंग के विवाद को लेकर आम आदमी पार्टी के पार्षद के पति के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना की शिकायत नवानगर थाने में पीड़ित ने की है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी को लेकर समर्थक और स्थानीय लोग थाना के सामने धरने पर बैठ गए हैं। आपको बता दें कि फरियादी शेर बहादुर कुशवाहा जो कि अपने कार से अपने घर जा रहे थे। अचानक कार सवार पहुंचे और उनसे मारपीट करने लगे और यह कहने लगे कि तुमने मेरी कार को ओवरटेक कैसे किया? इसके बाद गाली गलौज हुई और लाठी डंडों घूसों से मारपीट करके फरार हो गए। हमलावरों ने यह भी धमकी दी है कि अगर कहीं शिकायत किए तो जान से भी मार देंगे। शोर-शराबा सुनकर मौके पर कई लोग पहुंचे और बीच बचाव किया। फिलहाल नवानगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।