खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन ज़िले के बोरावा स्थित बी.एड. कॉलेज के प्रिंसिपल के शर्मनाक बोल उन्हें भारी पड़ गए। माफ़ी मांगने के बावजूद, छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। प्राचार्य ने छात्राओं से बहस के दौरान कह दिया कि मुझे बच्चा पैदा करना मत सिखाओ।
दरअसल, कसरावद सबडिवीजन के बोरावां स्थित गुलाब बाई यादव स्मृति महाविद्यालय की B.Ed की स्टूडेंट प्राचार्य सुरेंद्र कुमार तिवारी से मिलने गई थी। यह कॉलेज पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव और उनके भाई व पूर्व मंत्री (क्षेत्रीय विधायक) सचिन यादव के परिवार द्वारा संचालित है। 31 जुलाई को आए नतीजों में 70 में से 65 छात्रों के कम अंक आए और वे फेल हो गए।
प्रिंसिपल ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया
उन्होंने रिचेकिंग की भी मांग की। इसी दौरान प्राचार्य सुरेंद्र कुमार तिवारी ने ऐसी प्रतिक्रिया दी जिसको सुनकर सभी शर्मसार हो गए। प्राचार्य ने छात्रों से बहस के दौरान कह दिया, “मुझे बच्चे पैदा करना मत सिखाओ”। बस फिर क्या था छात्र-छात्राओं ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने प्राचार्य से कहा कि इस तरह के शब्द उन्हें शोभा नहीं देते।
छात्रों ने हंगामा किया
कसरावद थाना प्रभारी राजेंद्र बर्मन ने बताया कि उन्होंने इस घटना को लेकर कॉलेज परिसर में हंगामा किया। इसके बाद, एबीवीपी के नेतृत्व में वे कसरावद आए और एसडीएम सत्येंद्र बेरवा से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद, उन्होंने कुछ देर के लिए कसरावद खरगोन रोड भी जाम कर दिया।
माफ़ी मांगने के बाद भी छात्र अड़े रहे
इसी दौरान प्राचार्य तिवारी ने उनसे हाथ जोड़कर माफी भी मांगी और महाविद्यालय के ट्रस्टी ने भी प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। लेकिन स्टूडेंट प्राचार्य के खिलाफ एफआईआर और सस्पेंशन की मांग पर अड़े रहे। थाना प्रभारी बर्मन ने कहा कि छात्रों के शिकायत आवेदन की जांच शुरू कर दी गई है और आज उनके बयान लिए जाएंगे। एसडीएम सत्येंद्र बैरवा ने बताया कि अभद्र भाषा के मामले में पुलिस जांच कर रही है, और विधि संगत कार्यवाही की जाएगी।







