SINGRAULI सिंगरौली (वैढ़न) शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्र कॉलेज तिराहे में एक युवक द्वारा डंडे से पीट-पीटकर एक बेजुबान श्वान की हत्या किये जाने का मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि कॉलेज तिराहे के पास मंगलवार की रात को श्वान युवक की दुकान में घुसा था, जिससे युवक इतना नाराज हुआ कि वह श्वान पर लाठियां बरसाने लगा।
जिससे थोड़ी देर में श्वान ने दम तोड़ दिया। इस तरह की क्रूरता करने से पुश प्रेमियों में खासा आक्रोश देखा जा रहा है। गौसेवा संस्थान के नितिन पांडेय व उनके संस्थान के अन्य सदस्यों ने कोतवाली पुलिस से शिकायत कर श्वान की हत्या करने वाले युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
सार्वजनिक स्थान पर श्वान को जिस समय युवक लाठियों से पीट रहा था, उस समय बड़ी संख्या में भीड़ एकत्र हो गई थी, लेकिन किसी ने रोकने का प्रयास नहीं किया।
कुछ लोगों द्वारा मोबाइल पर फोटो और वीडियो जरुर बनाया है। श्वान के साथ बेरहमी से मारपीट करने की सूचना मिलने के बाद पशु प्रेमी जब उसे बचाने के लिए पहुंचे, तब तक काफी देर हो चुकी थी और श्वान की मौत हो चुकी थी।
गौसेवा संस्थान के सदस्यों का कहना है कि बेजुबान श्वान की हत्या करने वाले के खिलाफ अगर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जायेगा।








