बाजार में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, गाली देने से रोकने पर बरसाईं लाठियां; पांच पर FIR

By: शुलेखा साहू

On: Thursday, March 5, 2026 1:13 PM

Google News
Follow Us

कानपुर, राहुल द्विवेदी

कानपुर देहात। गजनेर थाना क्षेत्र के निनाया बाजार में गाली-गलौज का विरोध करना एक बुजुर्ग को भारी पड़ गया। दबंगों ने 75 वर्षीय चंद्रपाल को लाठी-डंडों और सरियों से बेरहमी से पीट दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की बुधवार को हालत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तीन नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
निनाया गांव निवासी चंद्रपाल (75) मंगलवार शाम करीब छह बजे गांव के बाजार गए थे। इसी दौरान कुछ लोगों से गाली-गलौज को लेकर उनका विवाद हो गया। आरोप है कि चंद्रपाल द्वारा गाली देने से मना करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों, सरिया और लात-घूंसों से उनकी जमकर पिटाई कर दी।
मृतक की पत्नी रामजानकी के अनुसार, मारपीट में गंभीर रूप से घायल होने के बाद परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गजनेर ले गए, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. सिद्ध गोपाल शर्मा ने उनका उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया, लेकिन बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे अचानक उनकी हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।
मृतक के पुत्र ने पुलिस को दी तहरीर में गांव के ही संतोष, कल्लू, विजय समेत दो अन्य अज्ञात लोगों पर लाठी-डंडों और सरिया से पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। होली के त्योहार के दौरान हुई इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थानाध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए टीम लगाई गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

शुलेखा साहू

मैं एक स्वतंत्र लेखक और पत्रकार हूँ, जो समाज, राजनीति, शिक्षा और तकनीक से जुड़े मुद्दों पर गहराई से लिखती हूँ। आसान भाषा में जटिल विषयों को पाठकों तक पहुँचाना Hurdang News के मंच से मेरा प्रयास है कि पाठकों तक निष्पक्ष, स्पष्ट और प्रभावशाली जानकारी पहुँच सके।
For Feedback - editor@hurdangnews.in

Join WhatsApp

Join Now

Facebook

Subscribe Now

Leave a Comment