डेम में गिरी कार हादसे में 5 लोगों की मौत
रास्ते में उनकी कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे डेम में जा गिरी। हादसे में सभी की मौत हो गई। शवों का पोस्टमार्टम खुजनेर अस्पताल में हुआ। हादसे में अरनियाखुर्द गांव के तीन और अरंडिया गांव के दो लोगों की जान गई। अरनिया खुर्द के दो चचेरे भाइयों के शव अस्पताल पहुंचने की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
Vijay
राजगढ़ जिले के खुजनेर थाना क्षेत्र में भीलखेड़ी जोड़ के पास शनिवार दोपहर सड़क हादसे में कार सवार पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। शुजालपुर से करीब 26 किलोमीटर दूर स्थित अरनियाखुर्द गांव से सुबह करीब 10 बजे निकले पांचों लोग रिश्ते की चर्चा करने जा रहे थे।
रास्ते में उनकी कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे डेम में जा गिरी। हादसे में सभी की मौत हो गई। शवों का पोस्टमार्टम खुजनेर अस्पताल में हुआ। हादसे में अरनियाखुर्द गांव के तीन और अरंडिया गांव के दो लोगों की जान गई। अरनिया खुर्द के दो चचेरे भाइयों के शव अस्पताल पहुंचने की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
दोनों गांवों में घटना के बाद शोक की लहर है। अरनियाखुर्द और अरंडिया गांव में मातम पसरा रहा। परिवार के अधिकांश सदस्यों को शनिवार शाम तक हादसे की पूरी जानकारी नहीं दी गई थी। गांव में सन्नाटा छाया हुआ था और लोग घरों के बाहर बैठकर शवों के आने का इंतजार कर रहे थे। शाम करीब 7.30 बजे तक शव गांव पहुंचने के बाद अरंडिया में दो शव का अंतिम संस्कार किया गया। हादसे के अन्य मृतकों में 55 वर्षीय गोविंद तिवारी निवासी अरनियाखुर्द शामिल हैं।
वे हनुमान मंदिर के पुजारी थे और अपने बेटे के रिश्ते की चर्चा के लिए जा रहे थे। परिवार में पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री हैं 57 वर्षीय कमल तिवारी उर्फ ऋषि भी अरनियाखुर्द के निवासी थे । वे राम मंदिर के पूर्व पुजारी होने के साथ खेती भी करते थे। उनके परिवार में दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। अरनियाखुर्द निवासी शंकर नाथ अविवाहित थे और पशु श्रृंगार सामग्री बेचने का काम करते थे। गोविंद तिवारी से पारिवारिक आत्मीयता होने के कारण उनके साथ गए थे।
अरंडिया निवासी अरविंद वर्मा (50) कार के मालिक और चालक थे। विवाहित थे और उनके दो पुत्र हैं अरविंद पुरोहित ट्रेवल्स की बस में परिचालक के रूप में भी कार्य करते थे। चार वर्ष पहले उनके छोटे भाई की भी पेड़ से गिरने कारण मृत्यु हो गई थी।
दूसरे मृतक रोहित वर्मा ( 32 ) निवासी अरंडिया थे। वे पान की गुमटी संचालित करते थे और पार्ट टाइम पुरोहित ट्रेवल्स की यात्री बस में परिचालक का कार्य करते थे। रोहित अविवाहित थे। परिवार में उनकी वृद्ध मां और वे ही दो सदस्य थे। हादसे के बाद अब उनकी मां अकेली रह गई हैं। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक साथ पांच लोगों की मौत से अरनियाखुर्द, अरंडिया सहित पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।