उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में शामिल होने आए दिल्ली के श्रद्धालुओं से मंदिर के ही सुरक्षा कर्मियों ने मारपीट कर दी है। इतना ही नहीं मंदिर समिति की कोर सिक्योरिटी कंपनी ने उन्हीं श्रद्धालुओं के खिलाफ मामला भी दर्ज करा दिया है। घटना मंगलवार सुबह की है। बैरिकेड खुलने के बाद अचानक व्यवस्था बिगड़ गई थी।
लगातार महाकाल मंदिर में सुरक्षाकर्मी और श्रद्धालुओं के बीच विवाद होता जा रहा है। कई बार घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष के साथ सुरक्षा कर्मियों की अभद्रता का मामला अब तक शांत नहीं हुआ था कि यह एक नया मामला सामने आ गया।
घटना में मंदिर समिति की कोर सिक्योरिटी कंपनी एएसओ पवन शर्मा ने महाकाल थाने में भी मामला दर्ज कराया है।
इस पूरे घटना को लेकर भाजपा पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने मंदिर की व्यवस्थाओं पर ही सवाल उठा दिया। उन्होंने कहा कि महाकाल मंदिर में आए दिन श्रद्धालुओं के साथ मारपीट एवं विवाद की घटना सामने आती है। सुरक्षा गार्ड के हौसले बुलंद है, वह किसी को भी कुछ नहीं समझते। लिहाजा मंदिर समिति की ओर से सुरक्षा कर्मियों के आवेदन पर मामला तो दर्ज कर लिया है लेकिन वास्तविक कारण क्या है, पुलिस अब इसकी जांच करेगी।

Comments (0)