आज सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई जब एक ढाई साल के मासूम बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। जहाँ हितेश साहू नाम का एक मासूम बच्चा खेलते-खेलते खौलते तेल की टंकी में गिर गया और बुरी तरह झुलस गया।
यह है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के कटनी जिले के चंदिया वार्ड क्रमांक 9 नौगजा निवासी लखनलाल साहू का ढाई साल का बेटा हितेश साहू गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे घर पर खेल रहा था। उसी समय उसके पिता किसी काम के सिलसिले में एक बड़ी टंकी में गर्म तेल डाल रहे थे। मासूम बच्चा खेलते-खेलते उसी टंकी के पास पहुँच गया और अचानक उसमें गिर गया।
गर्म तेल से बुरी तरह झुलसने के बाद परिजनों ने उसे जिला अस्पताल कटनी पहुँचाया। शुक्रवार सुबह अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवार में मातम
मासूम की दुखद मौत की खबर सुनकर पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। हितेश परिवार का तीसरा बेटा था। इस घटना से पिता लखनलाल साहू और मां गहरे सदमे में हैं। आसपास के लोगों ने परिवार को सांत्वना दी। जिला अस्पताल चौकी प्रभारी रणदमन सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया गया है, मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।







